गौतम अडानी 100 अरब डॉलर वाले क्लब में फिर हुए शामिल, अब दुनिया के 12वें सबसे अमीर

नई दिल्ली अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर 100 अरब डॉलर क्लब...

गौतम अडानी 100 अरब डॉलर वाले क्लब में फिर हुए शामिल, अब दुनिया के 12वें सबसे अमीर

नई दिल्ली
अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर 100 अरब डॉलर क्लब में शामिल हो गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 2.73 अरब डॉलर की तेजी आई और यह 101 अरब डॉलर पहुंच गई। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी पहली बार 100 अरब डॉलर क्लब में शामिल हुए हैं। अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने पिछले साल 24 जनवरी को अडानी ग्रुप के बारे में एक रिपोर्ट जारी की थी। इसमें अडानी ग्रुप पर शेयरों की कीमत में हेरफेर समेत कई तरह के आरोप लगाए गए थे। अडानी ग्रुप ने इन आरोपों को खारिज किया था लेकिन इस कारण ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। ग्रुप का मार्केट कैप भी आधे से कम रह गया था। लेकिन हाल के दिनों में अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी आई है। अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में बुधवार को लगातार आठवें दिन तेजी आई। कंपनी ने पिछले हफ्ते अपना रिजल्ट जारी किया था। कंपनी का प्रॉफिट दिसंबर तिमाही में 130 परसेंट उछला है।
 

इसके साथ ही अडानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 16.4 अरब डॉलर की तेजी आई है। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी की नेटवर्थ में 80 अरब डॉलर से अधिक गिरावट आई थी और यह 37.7 अरब डॉलर तक गिर गई थी। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी 11वें नंबर पर हैं। उनकी नेटवर्थ 108 अरब डॉलर है। बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 1.01 अरब डॉलर की तेजी आई। इस साल उनकी नेटवर्थ 11.8 अरब डॉलर बढ़ी है। 100 अरब डॉलर क्लब में अभी 12 अरबपति शामिल हैं। इनमें नौ अमेरिका के, दो भारत के और एक फ्रांस का है।

कौन-कौन हैं टॉप 10 में
दुनिया के अमीरों की लिस्ट में एलन मस्क 205 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 24.5 अरब डॉलर की गिरावट आई है। जेफ बेजोस 196 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में फ्रांसीसी बिजनसमैन बर्नार्ड आरनॉल्ट (186 अरब डॉलर) तीसरे, मार्क जकरबर्ग (169 अरब डॉलर) चौथे, बिल गेट्स (146 अरब डॉलर) पांचवें, स्टीव बालमर (143 अरब डॉलर) छठे, वॉरेन बफे (132 अरब डॉलर) सातवें, लैरी पेज (131 अरब डॉलर) आठवें, लैरी एलिसन (131 अरब डॉलर) नौवें और सर्गेई ब्रिन (125 अरब डॉलर) दसवें नंबर पर है। इस साल सबसे ज्यादा कमाई जकरबर्ग ने की है। उनकी नेटवर्थ में 40.5 अरब डॉलर की तेजी आई है।

निवेशकों का जीता भरोसा: समूह ने जीक्यूजी पार्टनर्स एलएलसी सहित प्रमुख निवेशकों से नई इक्विटी पूंजी हासिल की। राजीव जैन के जीक्यूजी पार्टनर्स एलएलसी ने पिछले साल अडानी ग्रुप की कंपनियों में लगभग 4 अरग डॉलर का निवेश किया, जबकि कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी ने लगभग 500 मिलियन डॉलर का निवेश किया और टोटलएनर्जीज एसई ने अडानी ग्रीन एनर्जी के साथ एक ज्वांट वेंचर पर 300 मिलियन डॉलर का दांव लगाया।

मुकेश अंबानी से एक पयदान पीछे: ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, गौतम अडानी अब दुनिया के 12वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं, वह अपने हमवतन मुकेश अंबानी से सिर्फ एक स्थान पीछे हैं। हालांकि, अडानी का नेटवर्थ अभी भी 2022 के शिखर से लगभग 50 बिलियन डॉलर नीचे है।

अडानी का साम्राज्य: जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने बाजार नियामक सेबी को तीन महीने में अडानी ग्रुप की जांच पूरी करने का आदेश दिया और कहा कि अब और जांच की जरूरत नहीं है। इससे अडानी ग्रुप के शेयरों को उछलने में मदद मिली। 61 साल के अडानी ने कोयला और बंदरगाहों की ओर रुख करने से पहले 1980 के दशक की शुरुआत में मुंबई के हीरा उद्योग में अपनी किस्मत आजमाने के लिए कॉलेज छोड़ दिया था। तब से उनका साम्राज्य हवाई अड्डों से लेकर डेटा सेंटर, मीडिया और ग्रीन एनर्जी तक हर जगह फैल गया है।