सिंधिया जी..जब आप यह पत्र पढ़ेंगे, मैं जा चुका होऊंगा:ग्वालियर में ट्रेन के आगे युवक ने लगाई छलांग; लोन के बहाने 23 लाख रुपए ठगे
ग्वालियर इलाके में लोन पास कराने और कूटचरित दस्तावेजों के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का शिकार हुए सिंधिया समर्थक जसपाल सिंह यादव ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी है। साथ ही आत्मघाती कदम उठाते हुए एक सनसनीखेज सुसाइड नोट भी छोड़ा है। मृतक ने लिखा है कि ‘सिंधिया जी जब आप यह पत्र पढ़ेंगे तो मैं, यह दुनिया छोड़कर जा चुका होंगा’। अपने सुसाइड नोट में उसने तीन लोगों का जिक्र किया है जिन्होंने उसे जमीन पर लोन दिलाने का झांसा देकर 23 लाख रुपए की ठगी की है। जिसका 20 टका ब्याज वह भर चुका है। यह रकम 35 लाख हो गई है। सुसाइड नोट में आरोपियों के नाम, मोबाइल नंबर और उनके फर्जीवाड़े का पूरा ब्योरा दर्ज है। शनिवार से जसपाल सिंह लापता था और रविवार देर रात उसका शव झांसी रोड रेलवे लाइन पर पड़ा मिला है। सोमवार को परिजन ने शव की पहचान की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 3.45 करोड़ के लोन का झांसा देकर एंठे 23 लाख रुपए सुसाइड नोट के मुताबिक, आरोपियों ने जसपाल सिंह यादव को झांसे में लिया था कि उनकी 1.5 करोड़ रुपए की जमीन पर पिरामल बैंक से 3 करोड़ 45 लाख रुपए का लोन स्वीकृत हो गया है। आरोपियों ने बैंक का कथित सेंक्शन लेटर दिखाकर पीड़ित को भरोसे में लिया और लोन कराने के एवज में उनसे 23 लाख रुपए ऐंठ लिए। फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक बहाने बनाए फिर हो गए फरार पीड़ित ने नोट में लिखा कि आरोपियों ने फरवरी 2025 में उनसे पैसे लिए थे और जुलाई 2026 तक कोई काम नहीं कराया। जब पीड़ित ने अपने पैसे और लोन के बारे में दबाव बनाया तो आरोपी रुपए लेकर फरार हो गए। जसपाल ने खत में यह भी लिखा है कि आरोपियों ने केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि इलाके के कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। सुसाइड नोट में इन 3 आरोपियों के नाम और नंबर उजागर: 1. आशीष गुप्ता 2. रवि जाटव 3. रवि कुमार कुलैथ गांव में जीजा के घर छिपे होने का दावा सुसाइड नोट के आखिरी हिस्से में जसपाल यादव ने लिखा है कि मुख्य आरोपी रवि कुमार भागकर कुलैथ पुरा गांव में छिपा हुआ था, जहां उसके जीजा ने उसे पनाह दे रखी थी। घटना के बाद पुलिस ने हस्तलिखित सुसाइड नोट को जांच में ले लिया है और खत में दर्ज मोबाइल नंबरों व पतों के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी और मामले की जांच शुरू कर दी है। पांच पन्नों का सुसाइड नोट यह लिखा मैं जसपाल सिंह यादव अपने पूरे होश और हवास में ये लिख रहा हूं कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। मेरी हत्या के जिम्मेदार गुप्ता जिसका पूरा नाम आशीष गुप्ता है, और रवि जाटव निवासी डबरा और मुख्य आरोपी रवि कुमार निवासी टेकनपुर। इन लोगों ने मुझे लोन करवाने के लिए न मुझसे 23 lac रुपये लिए और मेरी 1.5 करोड़ की जमीन 3. 45 करोड़ का लोन हो गया है पिरामल बैंक का सेंशन लेटर दिखा कर धोखे में रुपये लिये और इस व्यक्ति ने फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक मेरा कोई काम नहीं करा किया और ये भाग गया। और इसने काफी लोगों के साथ ऐसा किया है। और ये मुझे पहला कुलैथ पुरा गाँव मे मिला जहाँ इसके जिज्जा ने इसे पनाह दी। जब वहां पहुंचा तो मेरे 30 जुलाई को रुपये दूंगा बोलकर पंचायत लगवा कर हमे झूठा आश्वसन देकर वापिस भेज दिया। उसके बाद यह 30 तारीख को कुछवा गुर्जर गोहद मे भाग गया सूत्रों से पता चला कि यह कुछवा गुर्जर गाँव मे रह रहा ओर इसका जीजा जिसका नाम छोटू सरपंच है उसने इसे रखा ओर जब हम लेने गये इसके तो पंचनामा बनाकर देने की बोली ओर फिर पलट गया। कल्याणी पुरा कुछवा गुर्जर मे इसके दोनों जीजा भी इतने ही दोषी हैं। ओर इसके पास मेरे रुपये जो मैंने इसे 23 लाख रुपए दिये। उसका मैंने 20% के हिसाब से ब्याज भरा है। यह 23 लाख के मैंने 35 लाख रुपये भुगते हैं। मै अपनी जिंदगी को खत्म कर रहा हूँ और रवि पर जो मेरे रुपये है! वे मेरे मरने के बाद मेरे पिताजी को दिलवाये जाये! मेरी आत्म हत्या कि वजह ये सब लोग हैं इन लोगों पर उचित कार्यवाही कि जाये और इसने 23 लाख रुपये लल्ला बलराम 9.80 लाख रुपये। इन लोगों के साथ भी धोखा किया! मैं जीना चाहता था लेकिन मेरी जिंदगी रवि कुमार ने बर्बाद कर दी! ये रुपये मैने इसे अपनी बुलेट, सोना और सफारी तथा 1.20 कार गिरवी रख 20% के ब्याज पर दिये थे और इसकी वजह से सब डूब गये! मैं ग्वालियर का निवासी हूँ और ग्वालियर के राजा ज्योतिरादित्य सिंधिया जी मेरी मौत का ये पत्र सिंधिया जी तक जरूर जायें! और इसकी पूरी परविार सब लोग भी धोखे बाज हैं अतः मेरी विनती है कि मेरे रुपये मेरे पिताजी को और रवि कुमार को आजीवन कारावास हो जिस वजह से कोई और परिवार अपना बच्चा न खोये जैसे मेरे परिवार ने मुझे खो दिया। सिंधिया जी मैं तो ये दुनिया से जा चुका होंगा जब ये पत्र आप पढेंगे! लेकिन मेरा निवेदन है कि इसको आजीवन कारावास दिया जाएं। मैं मारना नहीं चाहता था मेरी लेकिन इस रवि कि वजह से मुझे आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा।
Mon, 03 Aug 2026 06:47:05 +0000
खंडवा गौरव दिवस में स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां:कालबेलिया, राजस्थानी और गणगौर नृत्य की प्रस्तुति दी, गूंजे किशोर कुमार के गीत
खंडवा में हरफनमौला कलाकार दिवंगत किशोर कुमार की जयंती पर आयोजित तीन दिवसीय 'खंडवा गौरव दिवस' के दूसरे दिन सोमवार को नगर निगम कार्यालय के सामने बने मंच पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों के साथ राजस्थानी, कालबेलिया, गणगौर और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय उर्दू स्कूल परदेशीपुरा, सेंट जॉन्स कॉन्वेंट स्कूल, एमएलबी कन्या विद्यालय और संत पायस स्कूल के विद्यार्थियों ने किशोर कुमार की पैरोडी पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। आनंदम विद्या निकेतन के विद्यार्थियों ने कालबेलिया नृत्य, संत जोसफ कॉन्वेंट स्कूल ने शास्त्रीय नृत्य, एमजीएम स्कूल और सांदीपनि स्कूल आनंद नगर के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोकनृत्य, जबकि सोफिया कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने गणगौर नृत्य की प्रस्तुति दी। देखें तस्वीरें… बैंड पार्टियों की प्रस्तुति भी निकलेगी गौरव दिवस के तहत सोमवार को सुबह 11 बजे से पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में स्कूली विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जो दोपहर 2 बजे तक चली। वहीं शाम को नगर निगम और घंटाघर क्षेत्र में फूड फेस्टिवल आयोजित होगा। यहां स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। केवलराम चौराहे से घंटाघर तक बैंड पार्टियों की प्रस्तुति भी निकलेगी। रात 8 बजे नगर निगम चौराहे पर मुख्य मंच पर किशोर कुमार के गीतों पर आधारित ऑर्केस्ट्रा का आयोजन होगा। गौरव दिवस का समापन 4 अगस्त को किशोर कुमार की जयंती पर होगा। सुबह 9 बजे उनकी समाधि पर नगर निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में पुष्पांजलि और स्वरांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सोमवार शाम किशोर नाइट में गीतों की प्रस्तुति शाम 7:30 बजे से आयोजित 'किशोर नाइट' में गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी प्रस्तुति देंगे। इसी अवसर पर पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एक लाख रुपए की सम्मान राशि और ताम्रपत्र के साथ 'किशोर सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महापौर अमृता अमर यादव ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस मौके पर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी बलवंत पटेल, जिला परियोजना समन्वयक पीएस सोलंकी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
Mon, 03 Aug 2026 06:47:05 +0000
बड़वानी में दोंदाड़ नदी पर 51 साल पुराना पुल जर्जर:डूबने पर ग्रामीणों को लगाना पड़ता है 2KM का चक्कर; हादसे की आशंका
बड़वानी जिले की ठीकरी तहसील के दवाना गांव में दोंदाड़ नदी पर बना 51 साल पुराना पुल बेहद जर्जर हो चुका है। बारिश के दिनों में पुल पानी में डूबने से गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है, जिससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। बारिश में डूब जाता है पुल, 2 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर स्थानीय ग्रामीण अभिषेक और संजय ने बताया कि बारिश में नदी का जलस्तर बढ़ते ही पुल जलमग्न हो जाता है। मुख्य मार्ग बंद होने के कारण ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब दो किलोमीटर का लंबा और अतिरिक्त चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ता है। बिना रेलिंग का पुल बना हादसों का सबब, हाट-बाजार जाना मुश्किल पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग तक नहीं है, जिससे पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। दवाना के साप्ताहिक गुरुवार हाट-बाजार और भावसिंह बाबा मंदिर परिसर जाने के लिए हजारों लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे हर वक्त किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है। सरपंच बोलीं- CM और प्रभारी मंत्री को दिए प्रस्ताव, अब तक नहीं हुई सुनवाई ग्राम पंचायत दवाना की सरपंच सुनीता कनासे ने बताया कि नए पुल निर्माण के लिए दो बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव के बड़वानी आगमन पर और प्रभारी मंत्री समेत कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन से तत्काल नया पुल बनाने की मांग ग्रामीण सुदामा और राम सिंह ने मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द नए पुल का निर्माण स्वीकृत किया जाए। साथ ही ग्रामीणों ने अपील की है कि नया पुल बनने तक यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
Sat, 01 Aug 2026 07:01:26 +0000
सतना में मकान का ताला तोड़ 10 लाख की चोरी:बदमाश 6 लाख नकद और 4 तोला सोना ले गए, परिवार गांव गया था
सतना के नजीराबाद इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये की चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालिक अकील खान परिवार सहित गांव गए हुए थे। चोर घर से 6 लाख रुपये नकद और करीब 4 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह पड़ोसी ने टूटा ताला देखा तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पड़ोसी ने देखा टूटा ताला जानकारी के अनुसार, नजीराबाद निवासी अकील खान अपने परिवार के साथ गांव गए हुए थे। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। शनिवार सुबह पड़ोसी ने घर का मुख्य ताला टूटा देखा और तुरंत अकील खान को इसकी सूचना दी। घर लौटे तो बिखरा मिला सामान सूचना मिलने पर अकील खान परिवार सहित वापस घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि घर के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया था। लॉकर में रखे 6 लाख रुपये नकद और करीब 4 तोला सोने के जेवरात गायब थे। बेटी के जेवर भी ले गए चोर अकील खान ने बताया कि चोरी हुए जेवरों में उनकी बेटी के सोने के गहने भी शामिल हैं। नकदी और जेवरात मिलाकर उन्हें करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रावेन्द्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साइबर सेल और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से आवश्यक सबूत एकत्र किए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अज्ञात बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Sat, 01 Aug 2026 07:01:26 +0000
CBSE वेस्ट जोन ताइक्वांडो में सतना का दम:अस्मि भारती और वेदांशिका चौहान ने जीता गोल्ड,अध्ययन भारती ने दिलाया कांस्य;अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
सतना में राजस्थान के दौसा-जयपुर में 25 से 29 जुलाई तक आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में सतना के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में अस्मि भारती और वेदांशिका चौहान ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि अध्ययन भारती ने कांस्य पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। 9 राज्यों के 3400 खिलाड़ियों के बीच दिखाया दम चैंपियनशिप में राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा, मध्यप्रदेश, दमन-दीव और दादरा एवं नगर हवेली सहित नौ राज्यों के करीब 3400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मध्यप्रदेश से कुल 70 खिलाड़ियों का चयन हुआ था, जिनमें सतना जिला ताइक्वांडो संघ के पांच खिलाड़ी शामिल थे। अस्मि ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अस्मि भारती ने अंडर-19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रीवा संभाग के लिए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तकनीक और आत्मविश्वास के साथ मुकाबले जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वेदांशिका ने भी दिलाया स्वर्ण प्रतियोगिता में वेदांशिका चौहान ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीतकर सतना की झोली में दूसरा गोल्ड डाला। उनकी इस सफलता से जिले के खिलाड़ियों का मनोबल और बढ़ा है। विवादित सेमीफाइनल के बाद अध्ययन को मिला ब्रॉन्ज अध्ययन भारती ने प्रतियोगिता के दौरान छह मुकाबले जीते, जिनमें दो जीत नॉकआउट के जरिए दर्ज कीं। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबला विवादित परिस्थितियों में समाप्त होने के कारण उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। चार वर्षों की मेहनत लाई रंग जिला ताइक्वांडो संघ के अनुसार, तीनों पदक विजेता खिलाड़ी पिछले चार वर्षों से संघ के सचिव एवं नेशनल रेफरी डॉ. संदीप भारती के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी मेहनत और अनुशासन का परिणाम इस प्रतियोगिता में देखने को मिला। अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप पर नजर वेस्ट जोन में शानदार प्रदर्शन के बाद अब ये खिलाड़ी अगले महीने होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में देश के वेस्ट, ईस्ट, नॉर्थ और साउथ जोन के विजेता खिलाड़ी आमने-सामने होंगे। जिले में खुशी का माहौल सतना के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ, खेल प्रेमियों और शहरवासियों ने खुशी जताई है। सभी ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनसे इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
Thu, 30 Jul 2026 06:30:57 +0000
बिना नंबर के ट्रैक्टर ने महोबा रोड पर मारी टक्कर:चालक भागा, लोगों ने पीछा कर दबोचा;कांग्रेस नेता ने ट्रैफिक पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
छतरपुर शहर के महोबा रोड स्थित गुरुद्वारे के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे बस स्टैंड चौराहे पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक को एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना राहगीरों ने अपनी बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महोबा रोड पर हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के बरद्वाहा गांव निवासी लोकपाल सिंह घोषी (32) बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महोबा रोड स्थित गुरुद्वारे के पास बिना नंबर प्लेट का एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि लोकपाल सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक की पहचान शहर के पाठापुर रोड निवासी काशीराम यादव के रूप में हुई है। घायल तड़पता रहा, लोग देखते रहे हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। इसी बीच सरबजीत सिंह और उनके साथियों ने मानवता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस का इंतजार नहीं किया और गंभीर रूप से घायल लोकपाल सिंह को अपनी बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सरबजीत सिंह ने बताया कि समय पर इलाज मिलना जरूरी था। इसलिए उन्होंने देरी करने के बजाय खुद घायल को अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया। भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और बस स्टैंड चौराहे के पास उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे ट्रैक्टरों पर उठे सवाल इस घटना के बाद शहर में बिना नंबर प्लेट चल रहे ट्रैक्टरों की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शहर की सड़कों पर कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट और नियमों की अनदेखी करते हुए चलते दिखाई देते हैं। कांग्रेस नेता ने ट्रैफिक पुलिस पर लगाए आरोप हादसे के बाद कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनीस खान ने ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शहर और जिले में बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर खुलेआम दौड़ रहे हैं। उनका आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस कथित रूप से "मंथली सुविधा शुल्क" लेकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच जारी सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल युवक का इलाज जारी है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Thu, 30 Jul 2026 06:30:57 +0000
सागर में अधिकारी बनकर महिला स्वास्थ्यकर्मी से ठगी:नायब तहसीलदार बनकर फोन किया, बजट राशि के नाम पर 60 हजार रुपए ठगे
सागर जिले के केसली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारी के साथ साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर महिला कर्मचारी को अपने झांसे में लिया और अलग-अलग बैंक खातों में करीब 60 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। ठगी का एहसास होने के बाद महिला कर्मचारी ने सागर एसपी कार्यालय पहुंचकर साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार बनकर किया फोन, बजट राशि का दिया झांसा जानकारी के अनुसार, केसली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र मोहासा में पदस्थ एएनएम मीना पटेल ने शिकायत में बताया कि रविवार को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को नायब तहसीलदार अशोक मीणा बताया। आरोपी ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत हुआ है और यह राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जानी है। पेमेंट एप डाउनलोड कराकर तीन खातों में ट्रांसफर कराए रुपए ठग ने बातचीत के दौरान एएनएम को विश्वास में लिया और एक पेमेंट एप डाउनलोड करने के लिए कहा। इसके बाद अलग-अलग बातों में उलझाकर तीन बैंक खातों से करीब 60 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। महिला कर्मचारी को जब ठगी का संदेह हुआ तो उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी अधिकारियों को दी और इसके बाद एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। अन्य कर्मचारियों को भी कॉल कर ठगी का प्रयास शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी फोन कर धोखाधड़ी करने की कोशिश की थी। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Tue, 28 Jul 2026 06:19:48 +0000
मंदसौर की बस जम्मू-कश्मीर में 50फीट गहरी खाई में गिरी:अमरनाथ यात्रा के 40 श्रद्धालु थे सवार, डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से ली जानकारी
जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालटाल से श्रीनगर जा रही मंदसौर जिले की मां भगवती यात्रा कंपनी की बस गांदरबल जिले के रंगा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में लगभग 40 श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों, राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला और श्रीनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने हादसे की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से घायलों की स्थिति के बारे में चर्चा की है। मंदसौर की कंपनी ने किराए पर ली थी बस बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस अजमेर की एक ट्रैवल कंपनी की थी। इसे मंदसौर की मां भगवती यात्रा कंपनी के एजेंट ने अमरनाथ यात्रा के लिए किराए पर लिया था। यह बस मंदसौर से श्रद्धालुओं को लेकर अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के लिए कंपनी की कुल चार बसें जम्मू-कश्मीर गई थीं, जिनमें से एक बस हादसे का शिकार हो गई। श्रीनगर के अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाज हादसे के बाद सभी घायलों को श्रीनगर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल सभी यात्रियों के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस जांच कर रही है। उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने ली घटना की जानकारी अमरनाथ यात्रियों की बस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और मंदसौर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी हादसे से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश और राजस्थान के यात्री घायल हुए हैं। अधिकारियों के संपर्क में उपमुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है। सभी घायलों का श्रीनगर के अस्पताल में उपचार जारी है। उन्होंने कहा कि वे लगातार जम्मू-कश्मीर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि घायलों को बेहतर इलाज और आवश्यक सहायता मिल सके। मंदसौर प्रशासन भी बनाए हुए है नजर हादसे के बाद मंदसौर जिला प्रशासन भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में है। अधिकारियों द्वारा यात्रियों की स्थिति और उनके परिजनों तक जानकारी पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का कहना है कि घायलों की हर संभव मदद की जा रही है और पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Tue, 28 Jul 2026 06:19:48 +0000
दमोह के होटल में तोड़फोड़ और दो लोगों से मारपीट:जातिसूचक गालियां देने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर, 4 पर केस; आरोपी फरार
दमोह जिले के नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के इमलाई गांव में रविवार रात एक होटल में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। होटल संचालक के दो बेटे घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सिगरेट नहीं मिलने पर विवाद का आरोप होटल संचालक जोगेंद्र अहिरवार ने बताया कि बटियागढ़ रोड स्थित उनकी होटल पर रविवार शाम वे अपने बेटों शुभम और अंकित के साथ बैठे थे। इसी दौरान गांव का अशोक पटेल सिगरेट मांगने आया। दुकान में सिगरेट नहीं होने की बात कहने पर उसने जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप है। इसके बाद जोगेंद्र शिकायत दर्ज कराने पुलिस चौकी चले गए। पुलिस चौकी में थे, तब होटल में पहुंच गए आरोपी जोगेंद्र अहिरवार के अनुसार, पुलिस चौकी में रहते समय उनके बेटे का फोन आया कि अशोक पटेल अपने बेटों के साथ होटल में घुस आया है। आरोप है कि वहां तोड़फोड़ की गई और शुभम व अंकित के साथ मारपीट की गई। जब वे लौटे तो होटल का सामान बिखरा पड़ा था और दोनों बेटे घायल मिले। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल घटना से जुड़ा एक वीडियो सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर होटल संचालक को जातिसूचक गालियां देते और धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है। दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। चार आरोपियों पर केस दर्ज देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अशोक पटेल, उसके बेटे लोकेश और भानु पटेल तथा चंद्रशेखर पटेल के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं।
Mon, 27 Jul 2026 06:15:28 +0000
सोन नदी से अतिथि शिक्षक का शव मिला:SDRF ने सुबह 7 बजे शुरू की तलाश; मछली पकड़ते समय डूबे थे
अनूपपुर के जैतहरी थाना क्षेत्र में जैतहरी थाना क्षेत्र के दूधिया घाट के पास सोन नदी में रविवार शाम डूबे अतिथि शिक्षक महेंद्र चौधरी (40) का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ की टीम ने सुबह करीब 7 बजे दोबारा सर्च अभियान शुरू किया था। शव उसी स्थान के आसपास मिला, जहां शिक्षक के डूबने की बात सामने आई थी। साथी शिक्षक के साथ मछली पकड़ने गए थे महेंद्र चौधरी रविवार सुबह अपने साथी शिक्षक विजय चौधरी के साथ दूधिया घाट पर मछली पकड़ने गए थे। दोनों ने घाट के एक हिस्से में मछली पकड़ने के बाद दूसरे छोर पर जाने का फैसला किया। शाम करीब 4:30 बजे नदी पार करते समय किनारे से करीब 10 मीटर पहले महेंद्र का पैर पानी के अंदर किसी चीज में उलझ गया। उन्होंने पैर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। साथी विजय ने उन्हें बचाने के लिए पानी में उतरकर मदद करने की कोशिश की। हालांकि, पानी के अंदर खुद खिंचने का खतरा महसूस होने पर उन्होंने महेंद्र का हाथ छोड़ दिया। इसके बाद महेंद्र पानी में डूब गए। रात तक तलाश, सुबह मिला शव घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रविवार शाम से रात करीब 9 बजे तक तलाश करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह 7 बजे दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद टीम ने शव बरामद कर लिया। ग्रामीणों ने घाट के गहरे और ऊबड़-खाबड़ होने के कारण पानी में उतरकर तलाश करने से मना कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने अनूपपुर जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ टीम बुलाई थी। पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पांडे ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी भेजा गया है। शव पर चोट या कटने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। कुछ स्थानों पर कीड़े या मछलियों से खुरचने जैसे निशान मिले हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, घटनास्थल पर पानी गहरा और गड्ढेनुमा है। प्रारंभिक तौर पर पैर जलकुंभी या किसी अन्य वस्तु में उलझने की आशंका है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। टीचर स्कूल परिसर में ही रहते थे महेंद्र चौधरी शासकीय मॉडल स्कूल लहरपुर, मुर्रा गांव में अतिथि शिक्षक थे और स्कूल परिसर में ही रहते थे। रविवार को वे साथी शिक्षक विजय चौधरी के साथ दूधिया घाट पर मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान नदी पार करते समय हादसा हो गया।
Mon, 27 Jul 2026 06:15:28 +0000