घरों में गाये जा रहे कैरोल सॉग
Carol songs being sung in homes
प्रभु यीशु की जयंती मनाने गिरजाघरों में तैयारी शुरू छत्तीसगढ़ संवाददाता राजनांदगांव, 11 दिसंबर। शांतिदूतक प्रभु ईसा मसीह के जन्मदिन यानी क्रिसमस पर्व को पारंपरिक रूप से मनाने के लिए ईसाई समुदाय अलग-अलग स्तर पर तैयारी कर रहा है। 25 दिसंबर से पूर्व चर्चों और घरों की साजो-सजावट की जा रही है। वहीं पारंपरिक रूप से घरों में पहुंचकर प्रभु यीशु की स्तुति गान से जुड़े कैरोल सॉग गाया जा रहा है। इस रिवाज को अलग-अलग चर्चों द्वारा पूर्ण किया जा रहा है। आगामी दिनों ख्रीष्ट जयंती की तैयारी को लेकर ईसाई समुदाय जुट गया है। क्रिसमस के लिए गिरजाघरों को जहां आकर्षक रूप दिया जा रहा है वहीं घरों में परपंरागत कैरोल सांग की आवाज सुनाई दे रही है। ईसाई समाज के घरों में लोग सामूहिक रूप से भक्तिगीत गाते नजर आ रहे हैं। चर्चों में पर्व को खास बनाने के लिए भक्तिमय गीत का अभ्यास किया जा रहा है। शहर के ज्यादातर चर्चो में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। करीब माहभर से चर्चों में रंग-रोगन के कार्य किए जा रहे हैं। कई गिरजाघरों को आकर्षक विद्युत से रौशन किया जा रहा है। करीब दो सप्ताह शेष होने की वजह से बाजार में हलचल बढ़ गई है। स्थानीय वेसलियन चर्च के सामने सेंटाक्लाथ के पोशाक व घरेलू सामान की खूब बिक्री हो रही है। चर्चों के भीतर प्रभु यीशु के जन्मदिवस से जुड़ी गाथाओं की झांकियां बनाने की तैयारी चल रही है। प्रभु यीशु के जन्मदिन के साथ उनके जीवन में हुई घटनाक्रम की भी झांकी बनाया जा रहा है। आगामी 25 दिसंबर को समाज प्रभु की जयंती को बड़े दिन के रूप में मनाया जाएगा। इससे पहले शहर में समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। शहर के मेन्नोनाईट, वेसलियन स्कूल चर्च, मारथोमा तथा गौरीनगर के गिरजाघरों में जयंती से लेकर नए वर्ष तक विशेष आराधना की जाएगी।